अब स्वयं सहायता समूह की महिलाएं करेंगी टैक्स वसूली, उत्तराखंड के इस नगर निगम की अनूठी पहल
कोटद्वार नगर निगम ने महिला स्वयं सहायता समूहों को टैक्स वसूली का काम सौंपा है। अब महिलाएं टैक्स बिलों का वितरण करेंगी और नोटिस भी जारी करेंगी। इसके बदले में उन्हें प्रोत्साहन राशि मिलेगी। इस पहल का उद्देश्य शहर को स्वच्छ रखना और महिलाओं की आजीविका में सुधार लाना है। समूहों को स्वच्छता में बेहतर प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया जाएगा।
कोटद्वार। कोटद्वार नगर निगम के अंतर्गत टैक्स वसूली से संबंधित बिलों का वितरण अब महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं करेंगी। इसके एवज में नगर निगम समूहों को प्रोत्साहन राशि प्रदान करेगा।शनिवार को नगर निगम के प्रेक्षागृह में दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी विकास मिशन के तहत गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने प्रतिभाग किया।
इस दौरान महिलाओं को स्वच्छता व टैक्स वसूली के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें समूह के माध्यम से सोर्स सेग्रीगेशन, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन व हाउस टैक्स वसूली के बारे में बताया गया।
महिला समूहों को यह भी बताया गया कि वे किस प्रकार से यूजर चार्ज व हाउस टैक्स का कलेक्शन करेगी। कहा कि यूजर चार्ज व हाउस टैक्स का कुछ प्रतिशत महिला समूहों को दिया जाएगा। इस तरह की व्यवस्था से नगर स्वच्छ रहेगा व महिलाओं की आजीविका में सुधार भी आएगा।